फर्जी नाम से शिक्षक की नौकरी कर रहा आरोपी गिरफ्तार, विजिलेंस केस में बड़ी कार्रवाई

नालंदा जिले के नगरनौसा थाना क्षेत्र में फर्जी पहचान के आधार पर सरकारी शिक्षक की नौकरी कर रहे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है। आरोपी पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ विजिलेंस विभाग द्वारा मामला दर्ज कराया गया था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान नगरनौसा थाना क्षेत्र के भद्रु बीघा गांव निवासी जयराम बिंद (42 वर्ष), पिता महेश्वर पंडित के रूप में हुई है। आरोप है कि वह सुमित कुमार नाम से अकेर प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत था।

नगरनौसा थानाध्यक्ष शशि रंजन कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध फर्जी पहचान और कागजात के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने के आरोप में विजिलेंस विभाग द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामला दर्ज होने के बाद से वह वर्ष 2023 से फरार चल रहा था।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी अपने गांव में मौजूद है। सूचना के आधार पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, यह मामला सरकारी नियुक्तियों में फर्जीवाड़े से जुड़ा है, जिसकी जांच विजिलेंस विभाग द्वारा की जा रही है। मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की इस कार्रवाई को सरकारी नौकरियों में फर्जीवाड़े के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी प्राप्त करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।