पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर में सिख धर्म के पांचवें गुरु, गुरु अर्जुन देव जी के शहादत दिवस के अवसर पर श्रद्धा, सेवा और मानवता का संदेश देते हुए शबील सेवा का आयोजन किया गया। इस दौरान राहगीरों एवं श्रद्धालुओं के बीच चना, शरबत एवं गुरु का प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत अरदास के साथ हुई, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने सेवा कार्य में भाग लिया। शहादत दिवस के अवसर पर लगाए गए शबील में लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाने के साथ-साथ गुरु साहिब के त्याग, बलिदान और मानव सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि गुरु अर्जुन देव जी का जीवन सत्य, सेवा, सहिष्णुता और मानवता की मिसाल है। उनका बलिदान समाज को प्रेम, भाईचारे और धर्म की रक्षा के लिए प्रेरित करता है। शबील लगाने की परंपरा भी इसी सेवा भावना और मानव कल्याण के संदेश को आगे बढ़ाने का माध्यम है।
इस अवसर पर सुरजीत सिंह (चित्ते), तेजिंदर सिंह, तेजपाल सिंह, रणधीर सिंह एवं अमृतपाल सिंह ने सेवा कार्य में सक्रिय योगदान दिया। उपस्थित लोगों ने गुरु साहिब के बलिदान को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में प्रेम, सेवा, सद्भाव और मानव कल्याण की भावना को मजबूत करना था। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।
