नालंदा जिले के रहुई प्रखंड में आयोजित बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी सहयोग शिविर योजना के तहत नालंदा सांसद कौशलेंद्र कुमार ने विभिन्न शिविरों का निरीक्षण कर आम लोगों की समस्याओं को सुना और उनके शीघ्र समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
सांसद ने रहुई प्रखंड के पेशौर पंचायत, उतरनामा पंचायत तथा नगर पंचायत रहुई के वार्ड संख्या-5 में आयोजित सहयोग शिविरों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और शिकायतों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान सांसद ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी सुविधाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि बिहार सरकार की सहयोग शिविर योजना का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समाधान उनके गांव और पंचायत स्तर पर ही करना है, ताकि उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि इस पहल से आम जनता को काफी राहत मिल रही है।
सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण किया जाए तथा विकास एवं जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास और अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधित मामलों का भी निष्पादन किया गया।
