मुर्गियाचक-ताजपुर में खेग्रामस का सदस्यता अभियान शुरू, जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन की चेतावनी

ताजपुर प्रखंड के मुर्गियाचक गांव में मंगलवार को अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) द्वारा सदस्यता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व खेग्रामस प्रखंड सचिव प्रभात रंजन गुप्ता एवं भाकपा (माले) प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने किया।

अभियान के दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और गरीबों, खेत मजदूरों, भूमिहीनों तथा मेहनतकश लोगों के अधिकारों की लड़ाई को और तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांव और ग्रामीण क्षेत्रों में काम, भूमि, आवास, शिक्षा, चिकित्सा और सामाजिक सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

खेग्रामस प्रखंड सचिव प्रभात रंजन गुप्ता ने कहा कि भूमिहीन परिवारों को वासभूमि और आवास उपलब्ध कराने, जरूरतमंद लोगों के रद्द किए गए राशन कार्डों को बहाल कराने तथा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए संगठन व्यापक आंदोलन चलाएगा। उन्होंने कहा कि गरीबों और मजदूरों की समस्याओं को लेकर सरकार और प्रशासन पर दबाव बनाया जाएगा।

वहीं भाकपा (माले) प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर लोगों में आक्रोश है। उन्होंने हत्याकांड और अन्य गंभीर अपराधों में शामिल अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए घोषणा की कि इस मांग को लेकर 22 जून को ताजपुर थाना का घेराव किया जाएगा।

नेताओं ने कहा कि यदि जनसमस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन चलाने को बाध्य होगा। सदस्यता अभियान के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की और जन मुद्दों पर संघर्ष में भागीदारी का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में स्थानीय कार्यकर्ता, ग्रामीण एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।