डीआईजी और एसपी ने घटनास्थल पहुंच की जांच, पीड़ित परिवार से की मुलाकात

मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत सलहा पंचायत के अधवारी गांव में दखल-दिहानी के दौरान हुई आगजनी की घटना की जांच के लिए बुधवार को रंगा परिक्षेत्र के डीआईजी मनोज कुमार तिवारी और पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर घटना से संबंधित जानकारी जुटाई तथा पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बताया जा रहा है कि मंगलवार को कोर्ट के आदेश पर दखल-दिहानी की कार्रवाई के दौरान विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इसी दौरान लगी आग में पीड़ित परिवार के एक बुजुर्ग गंभीर रूप से झुलस गए थे। उनका उपचार चल रहा है।

भारत-नेपाल समन्वय बैठक से लौटने के क्रम में डीआईजी और एसपी सीधे अधवारी गांव पहुंचे। इससे पूर्व पुलिस अधीक्षक, जिलाधिकारी के साथ हरलाखी क्षेत्र से लौटते हुए बेनीपट्टी थाना भी पहुंचे थे। हालांकि जिलाधिकारी वहां अधिक देर नहीं रुके, जबकि पुलिस अधिकारियों ने घटना से जुड़े बिंदुओं पर जानकारी ली।

घटनास्थल पर पहुंचकर डीआईजी मनोज कुमार तिवारी ने पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी प्राप्त की और जांच की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से भी मुलाकात कर घटना के संबंध में जानकारी ली तथा निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।

पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।