झारखंड के गिरिडीह जिले से बड़ी खबर सामने आई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गरहाटांड़ रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार को एक 29 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के शिवमुहल्ला निवासी राजेंद्र प्रसाद के पुत्र देवाशीष कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और घटना की जानकारी परिजनों को दी गई। सूचना मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे।
परिजनों के अनुसार देवाशीष शुक्रवार सुबह दुकान जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन दोपहर तक वापस नहीं लौटा। बाद में पुलिस से सूचना मिलने पर परिवार को घटना की जानकारी मिली।
बताया जा रहा है कि देवाशीष की शादी करीब चार माह पहले हुई थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
