भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में जन सुराज का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा बेलौटी गांव

भोजपुर जिले के बेलौटी गांव में पुलिस एनकाउंटर में हुई भरत भूषण तिवारी की मौत मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचा और पूरे मामले की जानकारी ली।

भोजपुर के बेलौटी गांव पहुंचे जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने मृतक भरत भूषण तिवारी के परिजनों से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने परिवार से घटना की पूरी जानकारी ली और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

मीडिया से बातचीत करते हुए मनोज भारती ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह एनकाउंटर नहीं बल्कि हत्या है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि भरत तिवारी लंबे समय से सामाजिक मुद्दों को लेकर आवाज उठाते रहे थे। एक सामाजिक कार्यकर्ता की इस तरह मौत होना बेहद दुखद और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए।

प्रतिनिधिमंडल में जन सुराज पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।