शिवहर जिले के पिपराही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का सिविल सर्जन डॉ. दीपक कुमार ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई और बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं लाखों रुपये की लागत से लगे ईसीजी उपकरण के बावजूद सेवा बंद रहने का मामला भी सामने आया। पिपराही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार को सिविल सर्जन डॉ. दीपक कुमार ने पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था को देखा और इसमें सुधार करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य केंद्र में डेंटल डॉक्टर की कमी को लेकर पूछे जाने पर सिविल सर्जन ने बताया कि डेंटल चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति के लिए सचिवालय को सूचना भेजी गई है।
वहीं अस्पताल में लाखों रुपये की लागत से उपलब्ध ईसीजी मशीन के बंद रहने का मामला भी सामने आया। इस पर बताया गया कि पहले वीणा कुमारी नाम की नर्स को ईसीजी का प्रशिक्षण देकर सेवा शुरू कराई गई थी, लेकिन उनका तबादला शिवहर हो जाने के बाद से ईसीजी सेवा प्रभावित है।
सिविल सर्जन ने जल्द ही ईसीजी सेवा बहाल करने और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं को सुचारू रूप से संचालित करने की बात कही।
