नालंदा जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में शनिवार को पेपर लीक, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने बिहारशरीफ के श्रम कल्याण मैदान से आक्रोश मार्च निकाला। यह मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए हॉस्पिटल चौराहा पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया।
इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष विवेक कुमार सिन्हा ने कहा कि देश का युवा लगातार हो रहे पेपर लीक की घटनाओं से परेशान है। उन्होंने सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। साथ ही महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि अगर युवाओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
