नालंदा में दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात बोलेरो की चपेट में आने से बुजुर्ग किसान की मौत

नालंदा दीपनगर थाना क्षेत्र स्थित एनएच-20 के सर्विस लेन पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रविशंकर कोल्ड स्टोरेज के समीप अज्ञात बोलेरो की चपेट में आने से 76 वर्षीय बुजुर्ग किसान की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब बुजुर्ग सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

मृतक की पहचान लहेरी थाना क्षेत्र के बड़ी पहाड़ी मोहल्ला निवासी स्वर्गीय बुधन महतो के पुत्र केदार महतो (76 वर्ष) के रूप में हुई है।

मृतक के पुत्र कुलदीप कुमार ने बताया कि उनके पिता रोज की तरह सोमवार सुबह खेत से काम कर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान रविशंकर कोल्ड स्टोरेज के पास सड़क पार करने के क्रम में अज्ञात बोलेरो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

फिलहाल पुलिस फरार बोलेरो चालक की तलाश में जुटी हुई है।