समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र में सोमवार शाम अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। गिट्टी-बालू कारोबारी सोनू सिंह की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, सोनू सिंह अपनी दुकान पर कुछ दोस्तों के साथ बैठे हुए थे। इसी दौरान बाइक सवार अपराधी वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने सोनू सिंह के सिर में दो गोली मारी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों की मदद से घायल सोनू सिंह को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें निजी नर्सिंग होम लेकर गए, जहां से पटना रेफर किया गया। हालांकि पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कर्पूरीग्राम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आपसी रंजिश, कारोबार से जुड़े विवाद समेत कई एंगल से जांच कर रही है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
