अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर रामगढ़ में खेल उत्सव बैडमिंटन और तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर झारखंड के रामगढ़ जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से जिला स्तरीय बैडमिंटन एवं तैराकी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। रामगढ़ समाहरणालय छत्तर माण्डू स्थित स्विमिंग पूल और बैडमिंटन कोर्ट परिसर में आयोजित इस खेल उत्सव का शुभारंभ रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज ने किया। इस दौरान डीसी ऋतुराज ने रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़कर प्रतियोगिता का विधिवत आगाज किया।

प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने बैडमिंटन और तैराकी में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य जिले की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना रहा।

इस मौके पर जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। खिलाड़ियों में भी प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

जिला प्रशासन ने कहा कि खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आने वाले समय में भी इस तरह के आयोजनों को लगातार आयोजित किया जाएगा, ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।