झारखंड सरकार की झारखंड ग्रासरूट इनोवेशन इंटर्नशिप स्कीम के तहत जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी की छात्राओं के एक दल ने बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत क्षेत्र में संचालित विभिन्न नवाचार एवं विकास कार्यों का अध्ययन किया। इस दौरान छात्राओं ने पंचायत क्षेत्र में चल रही जनहित योजनाओं और नवाचारों की जानकारी प्राप्त की।
छात्राओं ने कुंवर सिंह मैदान रोड नंबर-3 स्थित कम्युनिटी सेंटर के समीप पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता की अनुशंसा एवं फंड से लगभग 7.30 लाख रुपये की लागत से स्थापित झारखंड के पहले पायलट आरओ प्लांट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान छात्राओं को बताया गया कि इस आरओ प्लांट के माध्यम से स्थानीय लोगों को आई-कार्ड आधारित व्यवस्था के तहत मात्र 5 रुपये शुल्क पर 20 लीटर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाता है। इस राशि से बिजली बिल, ऑपरेटर की मजदूरी और प्लांट के रखरखाव का खर्च वहन किया जाता है। यह मॉडल ग्रामीण क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने का एक सफल और प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है।
इसके अलावा छात्राओं ने पंचायत क्षेत्र में संचालित अन्य विकास एवं नवाचार कार्यों का भी अवलोकन किया और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से इन योजनाओं के संचालन एवं लाभ के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इंटर्नशिप कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को जमीनी स्तर पर विकास कार्यों, स्थानीय प्रशासन और नवाचार आधारित मॉडल से परिचित कराना है।
