धनबाद सेल चासनाला के ईएमई विभाग के विद्युत सब स्टेशन में कार्यरत कर्मचारी सत्यजीत राय के साथ हुई मारपीट और लूटपाट की घटना के विरोध में कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। घटना के बाद सेल कर्मियों और अधिकारियों ने काम का बहिष्कार करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब 12 बजे कांड्रा के चार युवकों ने सत्यजीत राय के साथ कथित रूप से लात-घूंसों से जमकर मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने उनके गले से सोने की चेन और मोबाइल फोन भी छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
घटना में गंभीर रूप से घायल सत्यजीत राय को उपचार के लिए सेल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही सहकर्मियों और अधिकारियों में नाराजगी फैल गई।
कर्मचारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रखने पर विचार किया जाएगा।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
