मधुबनी ग्रामीण एसपी शुभम धाकड़ का झंझारपुर का पहला औचक दौरा, अपराध नियंत्रण पर दिया जोर

मधुबनी के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (एसपी) शुभम धाकड़ ने पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार झंझारपुर का औचक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सुबोध कुमार सिन्हा के कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर झंझारपुर अनुमंडल की भौगोलिक स्थिति, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।

मीडिया से बातचीत में ग्रामीण एसपी शुभम धाकड़ ने बताया कि उन्हें बेनीपट्टी, जयनगर, झंझारपुर और फुलपरास अनुमंडल का अतिरिक्त प्रभार मिला है। इसी क्रम में वे चारों अनुमंडलों का दौरा कर वहां की भौगोलिक परिस्थितियों, पुलिसिंग व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की स्थिति का आकलन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सभी थाना क्षेत्रों में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्य किया जाएगा। अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा आम लोगों को सहज, पारदर्शी और भरोसेमंद पुलिसिंग उपलब्ध कराना प्राथमिकता होगी।

ग्रामीण एसपी ने सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि जनता की शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित गश्ती, निगरानी और प्रभावी कार्रवाई जारी रखें। उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जाएगा।