घटना के आठवें दिन घर पहुंचे एसपी, परिजनों ने उठाए कई गंभीर सवाल

 भोजपुर बिहार के चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में घटना के आठवें दिन एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया। भोजपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राज स्वयं मृतक भरत तिवारी के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। इस दौरान आरा सदर एसडीपीओ-2 रंजीत सिंह, डीएसपी पंकज मिश्रा समेत कई वरीय पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।

मुलाकात के दौरान भरत तिवारी के परिजनों ने एनकाउंटर को लेकर अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कई गंभीर सवाल उठाए। मृतक के भाई चंदन तिवारी ने बताया कि उन्होंने एसपी से पूछा कि यदि भरत ने कथित तौर पर पिस्टल फेंक दी थी, तो फिर उसे गोली क्यों मारी गई। इस सवाल पर एसपी ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि मामले के हर पहलू की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाएगी तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

हालांकि, एसपी के आश्वासन के बावजूद परिजन पूरी तरह संतुष्ट नजर नहीं आए। चंदन तिवारी ने कहा कि परिवार की एकमात्र मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती और सच्चाई सामने नहीं आती, तब तक परिवार न्याय की लड़ाई जारी रखेगा।

गौरतलब है कि भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर लगातार राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी सवाल उठ रहे हैं। विपक्षी दलों के नेताओं से लेकर विभिन्न सामाजिक संगठनों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। ऐसे में एसपी का स्वयं परिजनों से मिलना इस मामले में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अब सभी की नजर जांच प्रक्रिया और उसके निष्कर्ष पर टिकी हुई है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि एनकाउंटर की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं।