मधुबनी में गांजा और शराब कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, सिराही गांव से 306 ग्राम गांजा बरामद

मधुबनी जिले में गांजा और शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बासोपट्टी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सिराही गांव में छापेमारी कर 306 ग्राम गांजा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

बासोपट्टी थाना अध्यक्ष कार्तिक भगत ने बताया कि 9 जुलाई की रात सूचना मिली थी कि सिराही गांव निवासी कृष्णलाल यादव नेपाल से गांजा लाकर अपने घर में छिपाकर रखे हुए हैं। सूचना के सत्यापन के बाद थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया और अंचल अधिकारी (सीओ) विकास कुमार की मौजूदगी में आरोपी के घर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया।

तलाशी के दौरान घर से 306 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से आरोपी कृष्णलाल यादव को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।