भोजपुर चर्चित भरत तिवारी मामले में बिहार सरकार द्वारा कई मांगें मान लिए जाने के बावजूद मृतक के परिजन संतुष्ट नहीं हैं। सरकार की ओर से देर रात जारी आदेश में मामले की जांच प्रक्रिया में बदलाव, माता-पिता एवं स्थानीय लोगों पर दर्ज मुकदमे हटाने, जगदीशपुर डीएसपी को जांच से अलग करने तथा निष्पक्ष जांच जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके बावजूद भरत तिवारी के भाई चंदन तिवारी ने सरकार के फैसले पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि वह और उनकी मां इस निर्णय से बिल्कुल संतुष्ट नहीं हैं। उनकी मुख्य मांग है कि एनकाउंटर में शामिल पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए और दोषी पाए जाने पर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।
चंदन तिवारी का कहना है कि परिवार को केवल प्रशासनिक बदलाव या मुकदमे वापस लेने से संतुष्टि नहीं मिलेगी, बल्कि वे मामले में सीधे जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई चाहते हैं। उन्होंने कहा कि परिवार न्याय की मांग पर अडिग है और जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
गौरतलब है कि भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर लगातार राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर बहस जारी है। सरकार के ताजा फैसले के बाद भी परिवार की नाराजगी इस मामले को और अधिक चर्चा में ला सकती है।
