टीसी के नाम पर वसूली का आरोप, प्रधानाध्यापक का वीडियो वायरल

 नालंदा जिले के इस्लामपुर प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय बेशवक से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में विद्यालय के प्रधानाध्यापक अजय रजक पर ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) और अन्य शैक्षणिक कार्यों के नाम पर छात्रों एवं अभिभावकों से पैसे लेने का आरोप लगाया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो करीब 10 दिन पुराना है। वायरल क्लिप में एक व्यक्ति प्रधानाध्यापक से टीसी बनवाने को लेकर बातचीत करता दिखाई दे रहा है। बातचीत के दौरान कथित रूप से पैसों के लेन-देन को लेकर चर्चा सुनाई देती है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर मामले को लेकर बहस छिड़ गई है।

वीडियो में प्रधानाध्यापक अपने घर पर बैठे नजर आ रहे हैं, जिससे मामले ने और तूल पकड़ लिया है। सोशल मीडिया यूजर्स शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर सवाल उठा रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

मामले के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों की मांग है कि वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।

फिलहाल इस मामले में शिक्षा विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।