ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में घायल युवक की इलाज के अभाव में मौत

 उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। फेफना थाना क्षेत्र के खोरी पाकड़ गांव में ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से 40 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि करीब आधे घंटे तक कोई चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने के कारण घायल को समय पर उपचार नहीं मिल सका और उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अविनाश सिंह (40 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब साढ़े सात बजे माल्देपुर क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद काफी देर तक कोई डॉक्टर मौके पर नहीं आया, जिसके कारण घायल युवक की हालत लगातार बिगड़ती गई और आखिरकार उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने जिला अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।

मामले की सूचना पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया। स्वास्थ्य विभाग ने घटना को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर सरकारी अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।