पश्चिम चंपारण जिले के बगहा पुलिस जिला अंतर्गत लौकरिया थाना क्षेत्र के हरनाटांड़ स्थित एक निजी विद्यालय सह छात्रावास में 10 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शिक्षकों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के भेड़िहारी कर्माहा टोला वार्ड-15 निवासी राज किशोर शर्मा के 10 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। प्रिंस कौटिल्य पब्लिक स्कूल के छात्रावास में रहकर पढ़ाई करता था।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह छात्र का शव हॉस्टल के बेड पर मिला। घटना की सूचना मिलते ही विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बुधवार शाम शिक्षक हेमराज कुमार और दीपक कुमार ने बच्चों के साथ मारपीट की थी। उनका दावा है कि प्रिंस के शरीर, आंख और पीठ पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे उन्हें हत्या की आशंका है।
परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों शिक्षकों को हिरासत में लेकर बाद में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि छात्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई। मामले की जांच जारी है और अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी।
