गिरिडीह में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, जंगल से ठगी की साजिश रच रहे 5 आरोपी गिरफ्तार

 गिरिडीह साइबर थाना पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ताराटांड़ थाना क्षेत्र के मिडिल स्कूल ताराटांड़ के पीछे स्थित जंगल में छापेमारी कर साइबर ठगी की योजना बना रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से साइबर अपराध में इस्तेमाल होने वाले कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और वाहन भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी लोगों को customersupport.apk और wifiairtel.apk नामक फर्जी APK फाइल भेजकर उनके मोबाइल में इंस्टॉल करवाते थे। इन फाइलों के माध्यम से मोबाइल का एक्सेस प्राप्त कर लोगों से ऑनलाइन ठगी की जाती थी।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 10 मोबाइल फोन, 13 सिम कार्ड, एक लैपटॉप और चार मोटरसाइकिल बरामद की हैं। बरामद सभी सामान को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है।

इस मामले में गिरिडीह साइबर थाना में कांड संख्या 21/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अशोक कुमार और बबलु कुमार मंडल पहले भी साइबर ठगी के मामलों में जेल जा चुके हैं। इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह का नेटवर्क कितना बड़ा है, इनके अन्य सहयोगी कौन हैं और अब तक कितने लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाया गया है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक या APK फाइल को डाउनलोड न करें और संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों की सूचना तुरंत साइबर पुलिस को दें।