आय में कटौती के विरोध में ब्लिंकिट राइडर्स का प्रदर्शन, 24 घंटे का अल्टीमेटम

 परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित बागबेड़ा के ब्लिंकिट स्टोर से जुड़े राइडर्स ने आय में कटौती और कार्य परिस्थितियों को लेकर विरोध जताया है। राइडर्स ने अनुमंडल पदाधिकारी (धालभूम) को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया और कंपनी को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।

ज्ञापन में राइडर्स ने आरोप लगाया कि पेट्रोल और अन्य आवश्यक खर्चों में लगातार बढ़ोतरी के बावजूद उन्हें पर्याप्त मेहनताना नहीं मिल रहा है। उनका कहना है कि हाल के दिनों में उनकी आय में और कटौती कर दी गई है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।

राइडर्स का कहना है कि वे पूरे समय कंपनी के लिए कार्य करते हैं, लेकिन उनकी समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय कंपनी केवल अपने व्यावसायिक हितों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने मांग की कि भुगतान व्यवस्था में सुधार किया जाए और आय में की गई कटौती वापस ली जाए।

राइडर्स ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। उनका कहना है कि इस दौरान सभी राइडर्स एकजुट होकर आंदोलन करेंगे।

फिलहाल ज्ञापन मिलने के बाद प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लिया है। वहीं, इस संबंध में कंपनी की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।