मानगो की जनता पर टिप्पणी को लेकर कांग्रेस का विरोध, विधायक सरयू राय से माफी की मांग

जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय द्वारा मानगो की जनता को लेकर दिए गए कथित बयान के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को मानगो चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। मानगो कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष ईश्वर सिंह के नेतृत्व में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने विधायक के खिलाफ नारेबाजी की और उनका पुतला दहन किया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “सरयू राय मुर्दाबाद” और “मानगो की जनता से माफी मांगो” जैसे नारे लगाए। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि विधायक की कथित टिप्पणी से मानगो क्षेत्र की लाखों सम्मानित जनता की भावनाएं आहत हुई हैं।

इस मौके पर ईश्वर सिंह ने कहा कि यदि किसी जनप्रतिनिधि द्वारा यह कहा जाता है कि “मानगो के हर घर में अपराधी पैदा होते हैं”, तो यह पूरे क्षेत्र की जनता का अपमान है। उन्होंने कहा कि जिस जनता ने सरयू राय को विधायक बनाया, उसी जनता के प्रति इस तरह की टिप्पणी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।

ईश्वर सिंह ने कहा कि मानगो विभिन्न समुदायों के लोगों का शांतिपूर्ण और सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक क्षेत्र है। यहां के अधिकांश लोग मेहनतकश, व्यापारी, कर्मचारी, छात्र और आम नागरिक हैं, जिन्हें अपराध से जोड़कर देखना पूरी तरह गलत है।

कांग्रेस नेताओं ने विधायक सरयू राय से सार्वजनिक रूप से अपने कथित बयान पर स्पष्टीकरण देने और मानगो की जनता से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेगी।

वहीं, इस मामले में विधायक सरयू राय की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है। यदि उनका पक्ष सामने आता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।