नदी किनारे मिला लापता व्यक्ति का शव, डूबने से मौत की आशंका

 पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज अनुमंडल के शिकारपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह हड़बोड़ा नदी किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

जानकारी के अनुसार, पकड़ी ढाला गांव स्थित सरेह में डीएवी स्कूल के पीछे बने छठ घाट के समीप ग्रामीणों ने एक शव देखा। सूचना मिलने पर शिकारपुर थाना के दारोगा रामजी पासवान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

मृतक की पहचान विंध्यांचल महतो (55 वर्ष), निवासी पकड़ी ढाला, के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि चंदन कुमार और मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।

परिजनों के अनुसार, विंध्यांचल महतो पिछले कुछ समय से लापता थे। उनकी काफी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह नदी किनारे उनका शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

प्रारंभिक जांच में डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।