जमशेदपुर पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन की ओर से मंगलवार को साकची स्थित अग्रसेन भवन में ‘समाज के नगीने सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सरलाल इंजीनियरिंग लिमिटेड के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें समाज की मेधावी छात्र-छात्राओं एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली युवा प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
समारोह में उन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और युवाओं को सम्मान प्रदान किया गया, जिन्होंने शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर अग्रवाल समाज और जमशेदपुर का नाम रोशन किया है।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि नंदिनी शुक्ला, पूर्व प्रधानाचार्य, केरला समाजम, तथा रजनी शेखर, पूर्व प्रधानाचार्य, डी.बी.एम.एस., कदमा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए निरंतर परिश्रम, अनुशासन, सकारात्मक सोच और उत्कृष्टता की राह पर आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और निरंतर मेहनत ही व्यक्ति को अपने लक्ष्य तक पहुंचाती है।
वक्ताओं ने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह युवाओं का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ समाज में शिक्षा और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का कार्य करते हैं। समाज के होनहार विद्यार्थियों और युवाओं का सम्मान अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनता है।
कार्यक्रम में अग्रवाल सम्मेलन के पदाधिकारियों, समाज के गणमान्य लोगों, अभिभावकों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति रही। समारोह के अंत में सभी सम्मानित प्रतिभाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं
