विद्यालयों में चला “बिमारी भगाओ – स्वच्छता अपनाओ” अभियान

जमशेदपुर स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के अंतर्गत “बिमारी भगाओ – स्वच्छता अपनाओ” अभियान के तहत जमशेदपुर के विद्यालयों में विद्यार्थियों को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। अभियान का उद्देश्य बच्चों में स्वच्छ आदतों को बढ़ावा देना और मानसून के दौरान फैलने वाली बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करना है।

अभियान के दौरान विद्यार्थियों को विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा सुझाई गई सही हैंडवॉशिंग तकनीक के अनुसार हाथ धोने का तरीका सिखाया गया। साथ ही व्यक्तिगत स्वच्छता (Health & Hygiene) के महत्व और दैनिक जीवन में स्वच्छ आदतों को अपनाने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

बच्चों को बताया गया कि भोजन करने से पहले, शौचालय का उपयोग करने के बाद तथा बाहर से घर या स्कूल लौटने पर कम से कम 20 सेकंड तक साबुन और स्वच्छ पानी से हाथ धोना कई संक्रामक बीमारियों से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है।

अभियान के दौरान स्वच्छ वातावरण बनाए रखने, साफ पेयजल का उपयोग करने, कचरे का उचित निपटान करने तथा व्यक्तिगत साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का संदेश भी दिया गया। विद्यार्थियों को यह भी समझाया गया कि छोटी-छोटी स्वच्छ आदतें डेंगू, वायरल बुखार, दस्त और अन्य मौसमी बीमारियों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

स्वच्छ भारत मिशन के तहत चलाया जा रहा यह जनजागरूकता अभियान विद्यालयों के माध्यम से बच्चों के साथ-साथ उनके परिवारों तक भी स्वच्छता का संदेश पहुंचाने का प्रयास है।