बोकारो में सिविल डिफेंस की मॉक ड्रिल, बम हमले की स्थिति का किया गया सफल अभ्यास

बोकारो में संभावित आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से सिविल डिफेंस विभाग की ओर से व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। शाम 7 बजे शहर में सायरन बजते ही आपदा प्रबंधन एजेंसियां सक्रिय हो गईं। अभ्यास के तहत उषा पेट्रोल पंप और सेक्टर-12 स्थित मेडिकेंट हॉस्पिटल पर काल्पनिक बम हमले की स्थिति बनाई गई।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, सिविल डिफेंस, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और अन्य राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। पूरे अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और त्वरित कार्रवाई का प्रदर्शन किया गया।

मॉक ड्रिल का निरीक्षण कर रहे उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने बताया कि इस अभ्यास का उद्देश्य भविष्य में किसी भी आपातकालीन या युद्ध जैसी स्थिति में प्रशासन और संबंधित विभागों की तत्परता का आकलन करना तथा बेहतर समन्वय स्थापित करना है। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के अभ्यास से आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्य अधिक प्रभावी ढंग से किए जा सकेंगे।