जमशेदपुर पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने टैंगो मोबाइल बल की कार्यकुशलता और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से विशेष निरीक्षण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बुधवार को पुलिस अधीक्षक (नगर) एवं सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-प्रथम) ने संयुक्त रूप से जिले में तैनात टैंगो मोबाइल बल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जवानों को निर्धारित समय सीमा के भीतर हथियार को खोलने और पुनः जोड़ने (Weapon Stripping & Assembling) का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही एक मिनट की हथियार ड्रिल कराकर उनकी दक्षता, अनुशासन और तत्परता का आकलन किया गया।
अधिकारियों ने प्रशिक्षण के दौरान जवानों को आपातकालीन परिस्थितियों में तेज, सटीक और समन्वित कार्रवाई के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। निरीक्षण का उद्देश्य बल की परिचालन क्षमता को और बेहतर बनाना तथा किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जवानों को पूरी तरह तैयार रखना था।
पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने बताया कि इस तरह के नियमित प्रशिक्षण और निरीक्षण से पुलिस बल की पेशेवर दक्षता में वृद्धि होती है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित होती है।
