दानापुर कोर्ट से जेल ले जाते समय पिता-पुत्र का हाई वोल्टेज ड्रामा, पुलिस पर फर्जी एनकाउंटर की साजिश का आरोप

 नौबतपुर थाना क्षेत्र के मोतीपुर गांव स्थित रॉक्स रेस्टोरेंट में 12 जुलाई की रात हुई गोलीबारी के मामले में गिरफ्तार होटल संचालक सूरज कुमार और उनके पिता राजीव कुमार ने बुधवार को दानापुर व्यवहार न्यायालय में पेशी के बाद जेल ले जाते समय जमकर हंगामा किया। इस दौरान दोनों ने पुलिस पर फर्जी एनकाउंटर की साजिश रचने का आरोप लगाया, जिससे कोर्ट परिसर के बाहर कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।

आरोपितों का कहना था कि घटना वाली रात वे स्वयं शिकायत दर्ज कराने पुलिस के पास पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें ही मामले में आरोपी बना दिया। उन्होंने खुद को निर्दोष बताते हुए पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए और निष्पक्ष जांच की मांग की।

गौरतलब है कि नौबतपुर थाना क्षेत्र के एम्स रोड स्थित मोतीपुर गांव में 12 जुलाई की रात रॉक्स रेस्टोरेंट में गोलीबारी की घटना हुई थी। इसी मामले में पुलिस ने होटल संचालक सूरज कुमार और उनके पिता राजीव कुमार को गिरफ्तार किया था।

पुलिस ने आरोपितों के सभी आरोपों को निराधार बताया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों एवं जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।