सिकरहना नदी का बढ़ता जलस्तर, सुगौली के कई गांवों पर बाढ़ का खतरा, प्रशासन अलर्ट

मोतिहारी पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली शहर से होकर गुजरने वाली सिकरहना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नेपाल में हो रही लगातार बारिश के कारण नदी उफान पर है, जिससे नदी किनारे बसे कई गांवों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों में चिंता और दहशत का माहौल है।

सिकरहना नदी के बढ़ते जलस्तर से सुकुल पाकड़, दक्षिणी मंसिघा, करमवां समेत कई गांवों के निचले इलाकों में रहने वाले लोग संभावित बाढ़ को लेकर सतर्क हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो खेतों के साथ-साथ रिहायशी इलाकों में भी पानी प्रवेश कर सकता है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन ने संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी तेज कर दी है। संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने तथा राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग तैयार हैं।

हालांकि, हर वर्ष बाढ़ की समस्या झेलने वाले स्थानीय लोगों के मन में इस बार भी राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर कई सवाल हैं। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते प्रभावी व्यवस्था और राहत सामग्री उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, नदी के किनारे अनावश्यक रूप से न जाएं और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।