भारत-नेपाल सीमा पर उज्बेकिस्तान की महिला गिरफ्तार

भारत-नेपाल सीमा पर पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल स्थित इंडो-नेपाल बॉर्डर के मैत्री ब्रिज के पास हरैया थाना पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त कार्रवाई में उज्बेकिस्तान की एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। महिला नेपाल में अवैध रूप से प्रवेश करने की कोशिश कर रही थी।

गिरफ्तार महिला की पहचान उज्बेकिस्तान निवासी 32 वर्षीय बोजोरोवा शकरजोंन के रूप में हुई है। जांच के दौरान उसके पास से पासपोर्ट संख्या FA0742942, जिसकी वैधता अक्टूबर 2029 तक है, बरामद किया गया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि महिला के पास भारत में रहने के लिए कोई वैध वीजा नहीं था। प्रारंभिक जांच के अनुसार वह पिछले करीब एक वर्ष से अपने एक कथित भारतीय मित्र के साथ मुंबई में अवैध रूप से रह रही थी।

जांच एजेंसियों के अनुसार महिला ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाने के लिए कथित तौर पर नाम बदलकर भारत का आधार कार्ड भी बनवा लिया था। इसी फर्जी पहचान के आधार पर वह भारत में रह रही थी और अब नेपाल जाने की कोशिश कर रही थी।

एसएसबी और पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में उसके भारतीय संपर्कों, फर्जी दस्तावेज तैयार कराने वाले नेटवर्क और अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है। संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।