उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद के बैरिया तहसील अंतर्गत दियारा क्षेत्र के गोपालपुर टांड़ी गांव में घाघरा नदी के तेज कटान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में नदी के कटान के कारण एक मकान देखते ही देखते नदी में समाता दिखाई दे रहा है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में भय का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घाघरा नदी का कटान लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे कई घरों और किसानों की उपजाऊ जमीन पर खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कटान रोकने के लिए प्रशासन और बाढ़ विभाग की ओर से किए गए दावे और सुरक्षा उपाय जमीनी स्तर पर प्रभावी साबित नहीं हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस और स्थायी बचाव कार्य नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में कई और मकान नदी की भेंट चढ़ सकते हैं। लोगों ने प्रशासन से तत्काल प्रभावी कटानरोधी कार्य शुरू कराने और प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।
फिलहाल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो और घटना को लेकर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि या विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।
