बिहार के मधुबनी जिले के बिस्फी प्रखंड अंतर्गत रतौस घाट पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। भैंस के साथ नदी पार करने उतरे एक वृद्ध तेज पानी की धारा में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वृद्ध अपनी भैंस को लेकर नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान नदी की तेज धारा में उनका संतुलन बिगड़ गया। बताया जा रहा है कि बहाव के बीच भैंस की रस्सी उनके हाथ से छूट गई और देखते ही देखते वह नदी में बह गए।
घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने तत्काल प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ को बुलाया गया। एसडीआरएफ की टीम ने नदी में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
करीब 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ ने वृद्ध का शव नदी से बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रशासन ने लोगों से बरसात के मौसम में तेज बहाव वाली नदियों को पार करने से बचने और पूरी सावधानी बरतने की अपील की है।
