हिलसा थाना में पीपिंग समारोह आयोजित, दो पुलिस जवान बने एएसआई

 बिहार के नालंदा जिले के हिलसा थाना परिसर में रविवार को गरिमामय माहौल में पीपिंग समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पीटीसी परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने वाले दो पुलिस जवानों को सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) के पद पर पदोन्नत किया गया।

समारोह के दौरान थाना अध्यक्ष चंद्रभानु ने दोनों पदोन्नत अधिकारियों के कंधों पर सितारे लगाकर उन्हें सम्मानित किया और नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान का प्रतीक नहीं है, बल्कि इससे जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं।

थाना अध्यक्ष ने नवपदोन्नत एएसआई से जनता के प्रति संवेदनशील, ईमानदार और निष्पक्ष रहकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों का व्यवहार ही विभाग की छवि को मजबूत बनाता है, इसलिए नई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करें।

समारोह में मौजूद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने दोनों नवपदोन्नत एएसआई को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का समापन आपसी शुभकामनाओं और सम्मान के साथ हुआ।