मानसून के दौरान हर वर्ष जलजमाव की समस्या से जूझने वाले धनबाद शहर को इस बार राहत दिलाने के लिए धनबाद नगर निगम पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। इसी कड़ी में धनबाद के मेयर संजीव सिंह ने नगर निगम कार्यालय में अधिकारियों के साथ आपातकालीन समीक्षा बैठक कर शहर की जलनिकासी व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की।
बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों में जलजमाव वाले क्षेत्रों, नालों की सफाई की प्रगति, उपलब्ध संसाधनों, डी-वाटरिंग मशीनों की उपलब्धता तथा त्वरित एवं दीर्घकालिक समाधान की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने संभावित जलभराव वाले स्थानों की जानकारी भी प्रस्तुत की।
मेयर संजीव सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि फिलहाल अन्य कार्यों की तुलना में जलजमाव की समस्या से निपटना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान किसी भी क्षेत्र में पानी जमा होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक के दौरान जलनिकासी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए डी-वाटरिंग मशीनों की पर्याप्त तैनाती, संवेदनशील इलाकों की लगातार निगरानी तथा प्रमुख नालों की समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत कार्य शुरू करने के लिए तैयार रहने को कहा गया।
मेयर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य मानसून के दौरान शहरवासियों को जलजमाव से अधिकतम राहत दिलाना है। इसके लिए सभी अधिकारी और कर्मी पूरी तत्परता के साथ कार्य करें तथा किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
