नालंदा जिले के अस्थावां थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत के बाद मंगलवार को परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने बिहारशरीफ-बरबीघा-शेखपुरा फोर लेन पर सोयवा पुल के समीप मृतक का शव रखकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते करीब चार घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
मृतक की पहचान रहुई थाना क्षेत्र के आनंदपुर गांव निवासी महेंद्र ठाकुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले बोलेरो की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण सड़क पर उतर आए।
प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने, दुर्घटना के जिम्मेदार वाहन चालक की शीघ्र गिरफ्तारी तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों द्वारा उचित कार्रवाई और सरकारी प्रावधानों के तहत सहायता का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद फोर लेन पर यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
