हरिद्वार पुलिस ने लौटाई 200 से अधिक लोगों की मुस्कान, ₹46 लाख से ज्यादा के खोए मोबाइल बरामद

 हरिद्वार पुलिस ने खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर एक बार फिर लोगों के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी है। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में सिडकुल थाना पुलिस ने प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से 200 से अधिक खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत 46 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

सावन माह के दौरान सिडकुल थाना परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में एसएसपी नवनीत सिंह और अन्य पुलिस अधिकारियों ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। लंबे समय बाद अपने मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया।

पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइलों में कई फोन सिडकुल क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत कर्मचारियों, स्थानीय नागरिकों और अन्य राज्यों के लोगों के थे। तकनीकी जांच और लगातार प्रयासों के बाद इन मोबाइलों को अलग-अलग स्थानों से रिकवर किया गया।

एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि जनता की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी खोई हुई संपत्ति वापस दिलाना भी पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत पुलिस और संबंधित ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

हरिद्वार पुलिस की इस पहल की लोगों ने सराहना करते हुए इसे जनविश्वास बढ़ाने वाला कदम बताया।