पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या की एक साजिश को नाकाम कर दिया है। शिकारपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से दो अवैध पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार समकालीन अभियान के दौरान बलथर मार्ग स्थित घाघ पुल के समीप लाल रंग की इलेक्ट्रिक स्कूटी से आ रहे दो संदिग्ध युवकों को रोका गया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो अवैध पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इरफान अंसारी और जफीर आलम के रूप में की गई है।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने कई महत्वपूर्ण खुलासे किए। उन्होंने बताया कि बरामद हथियार मेहंदी हसन और अल्ताफ आलम उर्फ अल्ताफ मियां द्वारा उपलब्ध कराए गए थे। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि हथियारों को एक आपराधिक गिरोह के सरगना तक पहुंचाने की योजना थी और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश रची जा रही थी।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल अन्य संदिग्धों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह का संबंध किन-किन आपराधिक घटनाओं से रहा है।
