बुलडोजर कार्रवाई, भूमिहीनों को वासभूमि-आवास, पहुंचपथ, राशन सूची से गरीबों के नाम हटाने तथा ग्रामीण मजदूरों को गांव में रोजगार उपलब्ध कराने समेत विभिन्न मांगों को लेकर 13 और 14 अगस्त को ताजपुर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय पर सामूहिक अनशन-सत्याग्रह आयोजित किया जाएगा। यह निर्णय गुरुवार को ताजपुर प्रखंड के रहीमाबाद में आयोजित भाकपा माले और अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) की संयुक्त बैठक में लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने की, जबकि संचालन खेग्रामस प्रखंड सचिव प्रभात रंजन गुप्ता ने किया। बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि गांवों में गरीबों, भूमिहीनों और मजदूरों के अधिकारों पर लगातार हमले हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि जहां गरीब परिवार वर्षों से बसे हुए हैं, उन्हें पी.पी. एक्ट 1947 के तहत बासगीत पर्चा दिया जाए तथा सभी भूमिहीन परिवारों को पांच डिसमिल जमीन उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में राशन सूची से गरीबों के नाम हटाए जाने के मुद्दे पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि सभी पात्र गरीब परिवारों को राशन योजना का लाभ मिलना चाहिए और किसी भी जरूरतमंद परिवार का नाम सूची से नहीं हटाया जाना चाहिए।
इसके अलावा ग्रामीण मजदूरों के लिए रोजगार की गारंटी, मनरेगा के तहत पर्याप्त काम उपलब्ध कराने तथा समय पर उचित पारिश्रमिक भुगतान की मांग उठाई गई। प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा, सम्मान और रोजगार सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कानून बनाने की भी मांग की गई।
वक्ताओं ने कहा कि इन मांगों को लेकर स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राज्यव्यापी आंदोलन के तहत 13-14 अगस्त को प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों पर सामूहिक अनशन-सत्याग्रह आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बड़ी संख्या में गरीबों, मजदूरों, किसानों और ग्रामीणों से आंदोलन में भाग लेकर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की।
बैठक में आसिफ होदा, ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, मो. एजाज, जीतेंद्र सहनी, मो. क्यूम, मुकेश कुमार गुप्ता, नीलम देवी, धर्मेंद्र पासवान, शाद तौहीदी, संजीव राय सहित भाकपा माले एवं खेग्रामस के कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
