हाथों में दरख्वास्त, आंखों में आंसू: पति की तलाश में दर-दर भटक रही नवविवाहिता, पुलिस पर टालमटोल का आरोप

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक नवविवाहिता अपने पति की तलाश में दर-दर भटकने को मजबूर है। हाथों में दरख्वास्त और आंखों में आंसू लिए महिला थाने से लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक न्याय की गुहार लगा रही है। महिला का आरोप है कि कई दिनों से शिकायत करने के बावजूद पुलिस उसकी मदद करने के बजाय उसे डांटकर वापस भेज रही है।

मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के जापलिंगंज मोहल्ले का है। शुक्रवार को पीड़िता एसपी कार्यालय पहुंची और अपने लापता पति की तलाश कराने की मांग की। महिला का कहना है कि वह कई वर्षों तक अपने पति के साथ रिश्ते में रही और बाद में दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। हालांकि, उसके ससुराल पक्ष के लोग इस शादी के खिलाफ थे।

पीड़िता के अनुसार, शादी की जानकारी मिलने के बाद उसके सास-ससुर ने अपने बेटे को घर बुलाया, जिसके बाद से उसका पति उसके संपर्क में नहीं है। महिला का आरोप है कि उसे आशंका है कि उसके पति पर परिवार का दबाव है या फिर उसके साथ कोई अनहोनी हो सकती है।

नवविवाहिता का कहना है कि वह लगातार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर लगा रही है, लेकिन अब तक उसके पति का कोई सुराग नहीं मिला है। उसने प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर पति को खोजने की मांग की है।

वहीं, इस मामले में पुलिस का पक्ष सामने आना बाकी है। फिलहाल महिला न्याय और अपने पति की तलाश के लिए अधिकारियों से गुहार लगा रही है।