खगड़िया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोगरी थाना क्षेत्र के जमालपुर बाजार में एक कथित फर्जी IAS अधिकारी को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने आरोपी मनीष गुप्ता को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने खुद को भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का अंडरकवर एजेंट बताया।
मामले को लेकर खगड़िया के पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। एसपी ने बताया कि आरोपी के पास से फर्जी IAS पहचान पत्र, निजी वाहन पर लगा भारत सरकार का बोर्ड, कई क्रेडिट और डेबिट कार्ड, पांच आईफोन, विदेशी शराब की बड़ी खेप तथा अन्य संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के ठिकाने से प्रतिबंधित वन्यजीव से जुड़े सामान भी बरामद हुए हैं, जिसकी जांच की जा रही है। इसके अलावा उसके पास एक लग्जरी कार भी मिली है, जिसके संबंध में दस्तावेजों की जांच जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से खुद को उच्च अधिकारी बताकर लोगों पर प्रभाव जमाने का प्रयास कर रहा था। पुलिस अब उसके नेटवर्क, संपर्कों और संभावित ठगी या अन्य आपराधिक गतिविधियों की जांच में जुट गई है।
खगड़िया पुलिस ने कहा है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
