पश्चिम चंपारण जिले के सिरिसिया थाना क्षेत्र के जिनवलिया गांव में जमीन विवाद को लेकर एक युवक की हत्या के बाद तनाव का माहौल बन गया। मृतक की पहचान धामू पटेल के रूप में हुई है। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग NH-727 पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
परिजनों के अनुसार, सोमवार देर शाम धामू पटेल काम से लौट रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी राजेश्वर पांडेय और उसके परिजनों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया और चाकू से कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में घायल धामू की इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को मुआवजा तथा वरीय पुलिस अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। सड़क जाम के कारण NH-727 पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मृतक के पिता मोतीलाल पटेल ने पड़ोसियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से जमीन विवाद चल रहा था और इसी रंजिश में उनके पुत्र की हत्या की गई है।
