बलोर नदी में नहाने के दौरान 11 वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत, परिवार में मचा कोहराम

नरकटियागंज, पश्चिम चंपारण। शिकारपुर थाना क्षेत्र के बखरी पुल के समीप मंगलवार को बलोर नदी में नहाने के दौरान 11 वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान चमुआ गांव निवासी शंभू मांझी के पुत्र साजन मांझी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, साजन मांझी अपने कुछ दोस्तों के साथ बखरी पुल के पास बलोर नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद बच्चों ने घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी।

सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नदी में बच्चे की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद साजन को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की जानकारी मिलने पर शिकारपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची। नदी से बच्चे का शव बाहर निकलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराने को लेकर पुलिस को लिखित आवेदन दिया है।

परिजनों की सहमति के बाद शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया और परिवार के लोग शव को अपने साथ घर ले गए। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।