झरिया के पाथरडीह कोल वाशरी में गुरुवार को काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। वेल्डिंग का काम करते समय अचानक मशीन फट गई, जिसकी चपेट में आने से तीन मजदूर घायल हो गए। हादसे में दो मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पाथरडीह कोल वाशरी में एसीबी कंपनी के पेटी ठेकेदार आरके कंस्ट्रक्शन की ओर से बीसीसीएल के निर्माण कार्य से संबंधित काम कराया जा रहा था। इसी दौरान मजदूर वेल्डिंग का काम कर रहे थे। अचानक वेल्डिंग मशीन फट गई और उसकी चपेट में आकर तीन मजदूर घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दो मजदूरों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एसएनएमएमसीएच रेफर कर दिया गया।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप
घटना के बाद मजदूर नेता ने ठेका कंपनी पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि काम के दौरान जरूरी सुरक्षा व्यवस्था और सावधानियों का पालन किया गया या नहीं, इसकी जांच होनी चाहिए। हादसे के बाद वाशरी में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद संबंधित अधिकारियों और कंपनी प्रबंधन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस और प्रबंधन की जांच के बाद ही हादसे की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।
