विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर झारखंड फोटोजर्नलिस्ट एसोसिएशन की ओर से रांची के आड्रे हाउस में आयोजित राज्य स्तरीय फोटो प्रतियोगिता लेंस उत्सव-2026 का भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में राज्य सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न श्रेणियों के विजेता प्रतिभागियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के फोटोग्राफरों द्वारा खींची गई उत्कृष्ट तस्वीरों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी में सामाजिक जीवन, प्रकृति, संस्कृति, परंपरा और समकालीन विषयों पर आधारित तस्वीरों को प्रदर्शित किया गया, जिसे दर्शकों ने काफी सराहा।
आयोजन में करीब 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनी देखने के लिए रांची के विभिन्न विश्वविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों और कला प्रेमियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। कार्यक्रम का उद्देश्य फोटोग्राफी के क्षेत्र में प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देना था।
प्रतियोगिता में धनबाद के फोटोजर्नलिस्ट सुभोजीत घोषाल ने फेस्टिवल श्रेणी में प्रथम स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। वहीं चंदन पाल ने नेचर श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को सम्मानित किए जाने पर फोटोग्राफी जगत में खुशी का माहौल देखा गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने फोटोग्राफी को समाज का आईना बताते हुए कहा कि एक तस्वीर हजार शब्दों के बराबर होती है। ऐसे आयोजनों से युवा फोटोग्राफरों को अपनी प्रतिभा दिखाने और नई प्रेरणा प्राप्त करने का अवसर मिलता है।
