गोंडा में सावन के अंतिम सोमवार पर शिवालयों में उमड़ी आस्था की भीड़, 20 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

सावन मास के अंतिम सोमवार पर गोंडा जिले के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बाबा दुखहरण नाथ मंदिर और बाबा पृथ्वीनाथ मंदिर में तड़के 3 बजे से ही भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक शुरू कर दिया। मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।

बाबा पृथ्वीनाथ मंदिर और बाबा दुखहरण नाथ मंदिर में अब तक 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के दर्शन और जलाभिषेक करने की जानकारी सामने आई है। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने लंबी कतारों में लगकर भगवान शिव के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की।

कांवड़ लेकर पहुंचे श्रद्धालु

सावन के अंतिम सोमवार को बड़ी संख्या में कांवड़िए सरयू घाट और अयोध्या से जल लेकर गोंडा पहुंचे। श्रद्धालुओं ने विभिन्न शिवालयों में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। बाबा करोहानाथ मंदिर में भी भक्तों की भारी भीड़ रही और श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर मनोकामना मांगी।

भीड़ को देखते हुए रूट डायवर्जन

श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। गुरु नानक चौराहे से बड़गांव तक रूट डायवर्जन लागू किया गया है। मंदिरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

सावन के अंतिम सोमवार पर गोंडा के शिवालयों में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी हैं। भक्ति और आस्था के बीच श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए नजर आए।