रामगढ़ पुलिस ने आम लोगों के खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन को बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की दिशा में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पिछले दो महीनों के दौरान दो चरणों में चलाए गए अभियान के तहत कुल 184 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
बरामद मोबाइल फोन को उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपने के लिए रामगढ़ एसपी कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसपी मुकेश कुमार लूनायत ने लोगों को उनके मोबाइल फोन वापस सौंपे। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।
इस मौके पर रामगढ़ पुलिस की ओर से आम लोगों को मोबाइल फोन के गुम या चोरी होने की स्थिति में उठाए जाने वाले जरूरी कदमों की जानकारी भी दी गई। लोगों को बताया गया कि मोबाइल खोने या चोरी होने पर तत्काल CEIR पोर्टल पर रिपोर्ट, साइबर सेल या नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मोबाइल फोन में लोगों के जरूरी दस्तावेज, निजी जानकारी, फोटो और अन्य महत्वपूर्ण डेटा मौजूद होता है। ऐसे में मोबाइल के गुम होने के बाद समय रहते शिकायत दर्ज कराने से उसके दुरुपयोग को रोकने में मदद मिल सकती है।
रामगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन भरोसा’ अभियान आम लोगों और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस अभियान के तहत बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान से राहत मिलने के साथ-साथ उनका जरूरी डेटा भी वापस मिला।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में बिना देरी किए पुलिस को सूचना दें और उपलब्ध तकनीकी माध्यमों का इस्तेमाल करें। पुलिस का कहना है कि नागरिकों की शिकायतों पर कार्रवाई और खोई संपत्ति को वापस दिलाने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा।
