झारखंड के रामगढ़ जिले में एक टोटो चालक ने ईमानदारी और इंसानियत की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी हर ओर सराहना हो रही है। रामगढ़ टैक्सी मेंस यूनियन से जुड़े टोटो चालक शिव भुईयां ने सड़क पर मिले 35 हजार रुपये उनके असली मालिक को लौटाकर समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है।
जानकारी के अनुसार, पतरातू के गेगदा निवासी प्रदीप गोप बैंक से 35 हजार रुपये निकालकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनके रुपये कहीं गिर गए। काफी तलाश के बाद भी जब रुपये नहीं मिले तो उन्होंने रामगढ़ थाना पहुंचकर मामले की सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे के निर्देश पर एसआई पंकज किशोर सिंह ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान फुटेज में एक टोटो चालक सड़क से रुपये उठाते हुए दिखाई दिया।
इसके बाद पुलिस ने संबंधित फुटेज रामगढ़ टैक्सी मेंस यूनियन को उपलब्ध कराई। यूनियन के सहयोग से टोटो चालक की पहचान शिव भुईयां के रूप में हुई। जब उनसे संपर्क किया गया तो उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के स्वीकार किया कि उन्हें सड़क पर रुपये मिले थे और वे उसे सुरक्षित रखे हुए थे।
पुलिस और टैक्सी मेंस यूनियन की मौजूदगी में शिव भुईयां ने पूरे 35 हजार रुपये प्रदीप गोप को वापस सौंप दिए। अपने खोए हुए रुपये वापस मिलने पर प्रदीप गोप ने टोटो चालक, पुलिस प्रशासन और यूनियन के प्रति आभार व्यक्त किया।
रामगढ़ टैक्सी मेंस यूनियन के पदाधिकारियों ने शिव भुईयां की ईमानदारी की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में इस तरह का उदाहरण समाज के लिए प्रेरणादायक है। वहीं एसआई पंकज किशोर सिंह ने कहा कि पुलिस की तत्परता और सीसीटीवी जांच के कारण रुपये के वास्तविक मालिक तक पहुंचना संभव हो सका।
इस घटना के बाद स्थानीय लोग भी टोटो चालक की ईमानदारी की प्रशंसा कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि शिव भुईयां ने यह साबित कर दिया कि ईमानदारी आज भी समाज में जीवित है और अच्छे कार्यों की हमेशा सराहना होती है।
