हीरापुर में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, 100 से अधिक बच्चों ने बिखेरे प्रतिभा के रंग

ग्लोबल बंगाली वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में हीरापुर स्थित कोयलांचल पब्लिक स्कूल में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। रंगारंग कार्यक्रम में 100 से अधिक स्कूली बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। बच्चों ने अलग-अलग आकर्षक वेशभूषा में प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का परिचय दिया।

प्रतियोगिता में बच्चों ने विभिन्न रूप धारण कर अपनी शानदार प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों का उत्साह और उनकी रचनात्मक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

प्रतियोगिता के विजेता

प्रतियोगिता में अनन्या कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अर्णव कुमार द्वितीय और श्रीयांशी कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।

कार्यक्रम के आयोजन एवं मूल्यांकन में ग्लोबल बंगाली वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष शुभांकर मित्रा, सचिव सोनाली बनर्जी, एग्जीक्यूटिव मेंबर संता साहा, कोयलांचल पब्लिक स्कूल के संस्थापक सह प्रिंसिपल संजय कुमार तथा जूरी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष शुभांकर मित्रा ने बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों की प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच विकसित करने में भी मदद करते हैं।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रिंसिपल संजय कुमार ने सफल आयोजन के लिए ग्लोबल बंगाली वेलफेयर सोसाइटी के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन किए जाने की उम्मीद जताई।